बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी गर्माहट के बीच गुरुवार को मोकामा से जदयू के विधायक अनंत सिंह प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के नामांकन कार्यक्रम में शामिल दिखे.
अनंत सिंह एक खुली जीप में अनुज सिंह के साथ नजर आए. अपने समर्थकों के हुजूम के साथ अनुज सिंह नामांकन करने पहुंचे थे.
गौरतलब है कि अनंत सिंह पहले ही जदयू के नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं. उन्होंने पहले ही नीरज कुमार पर अपने साथ कथित विश्वासघात का आरोप लगाते हुए हुंकार भरी थी कि इस बार नीरज कुमार को एमएलसी का चुनाव जीतने नहीं देंगे.
500 परसेंट जीत पक्की
इस बीच जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का नामांकन कार्यक्रम में शामिल अनंत सिंह ने अपने अंदाज में और विश्वास से लबरेज होकर कहा, अनुज सिंह की जीत को लेकर 500 परसेंट पक्की है.
मीडिया या से बातचीत में जदयू विधायक ने कहा, “मेरा मालिक जनता है और वो ही मेरा भगवान है. वो वोट देगी और हम संतुष्ट रहते हैं कि हम जीतेंगे. कोई नहीं हराएगा. ये कोई दुकान की चीज नहीं है कि ले आएंगे. जनता मालिक है. हमको पांच सौ परसेंट जीत की उम्मीद है.”
नीरज कुमार के सवाल पर
जब अनंत सिंह से पूछा गया कि नीरज कुमार भी चुनाव लड़ रहे हैं? अनंत सिंह ने कहा कि बहुत कैंडिडेट लड़ रहे हैं, वो सब हारेंगे. यह कोई पार्टी का चुनाव नहीं है औऱ न ही इसका कोई चिन्ह होता है. कुछ नहीं होता है.
अनंत सिंह ने आगे कहा कि नीरज कुमार ने चार इलेक्शन में मेरे खिलाफ काम किया है.
नीरज कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं. नीरज कुमार एनडीए के प्रत्याशी हैं.
दूसरी तरफ अनंत सिंह पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वो इस चुनाव में जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन करेंगे.
इधर पार्टी में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच तल्खी खत्म करने की अब तक की कोशिशें नाकाम रही हैं. गुरुवार को नीतीश कुमार के आवास पर जदयू के रणनीतिकारों ने विचार मंथन भी किया.
