रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने रांची के रिनपास अस्पताल में बुधवार को ‘डीप टीएमएस’ नामक आधुनिक मशीन का उद्घाटन किया. इस मशीन की कामत लगभग दो करोड़ रुपए है.
इसे रोटरी क्लब ऑफ रांची और सीसीएल के सहयोग से लगाया गया है. मानसिक बीमारियों की इलाज में यह मशीन काफी कारगर होगी.
रिनपास की डायरेक्टर डॉ. जयति सिमलाई ने बताया कि अब तक मानसिक रोगियों को ठीक करने के लिए भारी-भरकम दवाइयां देनी पड़ती थीं. ये दवाइयां पहले मरीज के खून में मिलती हैं और फिर खून के रास्ते दिमाग तक पहुंचती हैं, जिससे शरीर के बाकी अंगों पर भी असर पड़ता है. लेकिन इस नई अत्याधुनिक मशीन के आने से कई मरीजों को दवा खाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी. यह मशीन सीधे दिमाग के प्रभावित हिस्से (बीमार अंग) पर थेरेपी के जरिए असर करेगी, जिससे मरीज बहुत कम समय में और बिना किसी साइड इफेक्ट के ठीक हो सकेंगे.
दो साल की मेहनत रंग लाई
इस खास मशीन को अस्पताल में लगवाने के लिए रोटरी क्लब और सहयोगी संस्थाओं को पूरे दो साल तक कड़ी मेहनत करनी पड़ी. रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल और प्रोजेक्ट चेयरमैन गौरव बागराय ने बताया कि इस मशीन को लगाना झारखंड में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा देने जैसा है, क्योंकि यह मशीन पूरी तरह सुरक्षित और मरीजों के लिए अनुकूल है
स्वास्थ्य मंत्री ने सीसीएल से अपील की है कि वे झारखंड के विकास के लिए अपने सीएसआर (फंड से और ज्यादा काम करें, ताकि गरीबों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े.
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोन (कर्ज) लेकर ‘रिम्स-2’ का निर्माण करा रही है, जो एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल होगा. इसके बनने में भारत सरकार का एक भी पैसा नहीं लगेगा. साथ ही उन्होंने रिम्स-2 के कारण विस्थापित होने वाले (जिनकी जमीन जाएगी) लोगों को पक्की नौकरी की गारंटी देने का भी भरोसा दिया.
