रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की मौजूदा सुविधाओं की जानकारी ली. खिलाड़ियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.
अधिकारियों से सभी सुविधाओं को दुरूस्त करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री के साथ खेल मंत्री सुदिव्य कुमार और सरकार के अधिकारी भी मौजूद रहे.
निरीक्षण के दौरान सीएम ने शूटिंग रेंज की जर्जर आधारभूत संरचना, उपकरणों की स्थिति, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर सभी आवश्यक सुविधाओं का आधुनिकीकरण सुनिश्चित किया जाए.

मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध प्रशिक्षण व्यवस्था, आधुनिक उपकरणों, सुरक्षा मानकों और खिलाड़ियों के अभ्यास की सुविधाओं की जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकें.
