जमशेदपुरः पूर्वी सिंहभूम जिले के धालमूमगढ़ थाना अंतर्गत बाबईदा गांव में एक आदिवासी व्यक्ति ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के चक्कर में अपनी दो सगी और बड़ी बहनों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी.
घटना के बाद वह खुद थाने पहुंचा. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया है.
मृतक महिलाओं की पहचान दुलारी सोरेन (52) और लक्ष्मी मार्डी (50) के रूप में हुई है.
धालभूमगढ़ थाना के इंचार्ज धीरज मिश्रा ने बताया, “शुरुआती जांच से पता चला है कि इन हत्याओं में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र जैसी चीज़ों की भूमिका हो सकती है. पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए MGM मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज गया है. जबकि आरोपी स्वरूप टुडू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.”
पुलिस के अनुसार, टुडू ने रविवार रात एक ओझा को अनुष्ठान करने के लिए बुलाया था. यह अनुष्ठान देर रात तक चला।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि अनुष्ठान के बाद दोनों बहनें सोने चली गईं. सोमवार तड़के जब वे सो रही थीं, तभी टुडू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि स्वरूप टुडू इन दिनों मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहा था. ओझा-गुणी से अपना इलाज कराने में जुटा था.
ओझा के कहने पर ही उसने रविवार को अपनी दोनों बड़ी बहनों दुलारी सोरेन और लक्ष्मी मार्डी को ससुराल से बुलाया था.
दुलारी की ससुराल चरईगोड़ा और लक्ष्मी की ससुराल बासाझोर गांव में हैं. दोनो बहनों के सामने उसने पूजा की और सोमवार तड़के कुल्हाड़ी से दोनों को काट डाला.
इसके बाद घर का दरवाजा बंद कर खुद ही थाने पहुंच गया. थाने में वह पुलिसकर्मियों को सही से घटना की जानकारी नहीं दे रहा था.
इस बीच पंचायत के मुखिया को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने गांव के एक व्यक्ति को छत से घर के भीतर भेजा तो अंदर दोनों बहनों के शव पड़े मिले. इसके बाद उन्होंने पुलिस को हत्या की जानकारी दी.
दिमाग काम नहीं किया
पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची, तो बाद में स्वरूप टुडू ने पुलिस अधिकारियों से कहा, दिमाग काम नहीं किया, इसलिए बहनों की हत्या कर दी. स्वरूप टुडू घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम करता है. तीन साल पहले ढांगाकमल गांव में उसकी शादी हुई थी. पत्नी अब उसके साथ नहीं रहती है. जांच के दौरान घर में विभिन्न प्रकार की आयुर्वेदिक और एलोपैथिक दवाइयां पाई गई हैं.
