रांचीः झारखंड सरकार ने बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को इधर से उधर किया है. गढ़वा खूंटी और देवघर के डीसी भी बदले गए हैं.
इस बाबत कार्मिक प्रशासनिक विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. कई अधिकारी पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे. उनका पदस्थापन भी किया गया है.
कई अधिकारियों को अलग-अलग विभागों में संयुक्त और अपर सचिव बनाया गया है. जबकि कई को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.

गढ़वा के उपायुक्त अनन्य मित्तल को वहां से हटाकर जेएसएलपीएस का सीइओ बनाया गया है.
जबकि खूंटी के उपायुक्त सौरभ भुवानिया को देवघर का नया उपायुक्त बनाया गया है.
हाल ही में सौरभ भुवानिया और अनन्य मित्तल को क्रमशः खूंटी और गढ़वा का उपायुक्त बनाया गया था.
गढ़वा के डीडीसी पशुपति नाथ मिश्रा को वहीं का उपायुक्त बनाया गया है.
पलामू के डीडीसी मोहम्मद जावेद हुसैन को खूंटी का डीसी बनाया गया है.

छवि रंजन को खेल कूद का निदेशक बनाया गया है. इसके साथ ही झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
कृषि निदेशक भोर सिंह यादव को वन परिवर्तन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर सचिव बनाया गया है.

पदस्थापन की प्रतीक्षा में कर्ण सत्यार्थी को वित्त विभाग का अपर सचिव बनाया गया है.
इससे पहले वे जमशेदपुर के उपायुक्त थे.
पदस्थापन की प्रतीक्षा में दिनेश कुमार यादव को स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त सचिव और पलामू के डीडीसी मोहम्मद जावेद हुसैन को खूंटी का डीसी बनाया गया है.

इसके अलावा खोरी महुआ का अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन को गुमला का डीडीसी बनाया गया है. अनिमेष रंजन 2021 बैच के आईएएस अधिकारी हैं.
पदस्थापन की प्रतीक्षा में अंजली यादव को झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद में परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है.
इसके अलावा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

देवघर के डीसी शशि प्रकाश सिंह को स्वास्थ्य विभाग का अपर सचिव बनाया गया है.
इसके अलावा झारखंड राज्य आरोग्य समिति के कार्यपालक निदेशक और झारखंड एड्स कंट्रोल सोसाइटी के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.

कुमार ताराचंद पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे. उन्हें जल संसाधन विभाग का अपर सचिव बनाया गया है.
चंदन कुमार को जैप आईटी का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है.
वित्त विभाग के विशेष सचिव विजय कुमार गुप्ता को अपने ही वेतनमान में उत्तरी छोटानागपुर का आयुक्त बनाया गया है.
प्रभार रहित पदाधिकारियों को कार्मिक में योगदान देने को कहा गया है.
