चांडिलः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएसी) के माध्यम से सहायक आचार्य की नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपयों की ठगी के आरोपी इंडिया रिजर्व बटालियन के हवलदार सुशील कुमार को चौका थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
आरोपी सुशील कुमार फिलहाल आईआरबी- 3 पिपरवार. चतरा में कार्यरत है. जबकि मूल रूप से हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना अंतगर्त बनागड़ा गांव का रहने वाला है.
चौका पुलिस ने बताया है कि स्थानीय निवासी गुरुचरण साव की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता है कि आरोपी हवलदार चयनित अभ्यर्थियों का विवरण निकालकर आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से संपर्क साधता था.
इस दौरान वह खुद के कर्मचारी चयन आयोग के अधिकारियों का करीबी बताकर अभ्यर्थियो का अंतिम सूची मे नाम डलवाने का भरोसा दिलाकर ठगी का जाल बिछाता था.
आरोप है कि वह सिक्योरिटी के नाम पर अभ्यर्थियों से मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र और ब्लैंक चेक लेता था. इसके बाद अंतिम चयन सूची में नाम शामिल कराने का दावा करते हुए पहले से तय की गई मोटी रकम की मांग करता था.
चांडिल के एसडीपीओ शिवप्रकाश ने बताया है कि जांच में जेएसएसी के किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता की जानकारी पुलिस को नहीं मिली है.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह मामला धोखाधड़ी और ठगी का है. आरोपी के पास से दो मोबाइल एक पहचान पत्र, जेएसएसी के दो एडमिट कार्ड, दो मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, हाईकोर्ट के आदेश की प्रति समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
दो दिनों पहले स्थानीय ग्रामीणों ने हवलदार को दबोच लिया था. इसके बाद उसे पुलिस के हवाले किया गया.
