झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के संबंध में जांच कर रही सीआइडी की एसआईटी ने गलत तरीके से 14वीं सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) पास करने वाले एक अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गिरफ्तार किया है.
जांच एजेंसी ने एक रिलीज जारी कर बताया है कि सीआइडी थाना कांड संख्या 16/ 2026 के अनुसंधान के क्रम में झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2025 (विज्ञापन संख्या 01/2026) की प्रारंभिक परीक्षा में चयनित एक अभ्यर्थी सुमन सौरभ, जिसने अनुचित अनुचित तरीके से परीक्षा उत्तीर्ण की थी को अपराध अनुसंधान विभाग द्वारा हजारी विभाग पुलिस की सहायता से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है.
सौरभ सुमन के पास से ओएमआर की कार्बन कॉपी भी प्राप्त नहीं हुई है. उसने अपना अपराध को स्वीकार किया है. कांड का अनुसंधान प्रगति पर है. अनुसंधान के दौरान प्राप्त होने वाले साक्ष्य के आधार पर आगे विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
सीआइडी जांच जारी
जेपीएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच अपराध अनुसंधान विभाग की एसआईटी कर रही है. आयोग की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता, पोड़ैयाहाट के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभय तिवारी और परीक्षा लेने वाली एजेंसी टीडीपीएल से जुड़े आठ (कुल 10) लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया है.
इसी मामले में जेपीएससी के चेयरमैन एल ख्यांग्ते ने पद से इस्तीफा दिया है. सीआइडी की टीम ने उनसे भी दो दिनों तक पूछताछ की है. साथ ही ख्यांग्ते का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है.
इससे पहले जांच एजेंसी ने 22 जुलाई को ख्यांग्ते के आवास पर लगभग पांच घंटे की छापेमारी की थी. छारेमारी के दौरान कई दस्तावेज और अन्य सामान सीआइडी ने अपने कब्जे में लिया है.
इनके अलावा श्वेता गुप्ता समेत पांच लोगों को रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की है. श्वेता गुप्ता और अभय तिवारी से जांच एजेंसी को कई अहम जानकारी हासिल हुई है. इसी आधार पर जांच को रफ्तार दी जा रही है.
छापे के बाद चेयरमैन का इस्तीफा
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) दफ्तर और परीक्षाओं का संचालन करने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के ठिकानों पर 21 जुलाई को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की छापेमारी के बाद उसी दिन आयोग के चेयरमैन एल ख्यांग्ते ने इस्तीफा दिया था.
अगले दिन 22 जुलाई को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनका इस्तीफा स्वीकार किया था..
प्रशासनिक हलके में माना जा रहा है कि जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार के सख्त रुख को देखते हुए चेयरमैन ने अपना इस्तीफा दिया है.
