पश्चिम बंगाल में बीजेपी के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच में सीआईडी की टीम जुटी है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक जांच के लिए सीआईडी टीम मौके पर पहुंची है.
बुधवार रात कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की गोली मार कर हत्या कर दी.
यह घटना उत्तरी 24 परगना जिले में मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई, जहां शुभेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ पर हमला किया गया. बाइक पर सवार लोगों ने उन्हें करीब से गोली मार दी.
हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और उन पर गोली चला दी. हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए. रथ, ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठे थे. रथ के ड्राइवर को भी गोली लगी और उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
बीजेपी ने चंद्रनाथ रथ की हत्या को ‘सुनियोजित’ बताया है.
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने इस हत्या पर कहा, “यह एक राजनीतिक हत्या है… पूरी जांच चल रही है… उनके (टीएमसी) समय में सीबीआइ जांच करती थी और राज्य पुलिस सबूत मिटाती थी लेकिन अभी वह समय नहीं है. अभी केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा है. सीबीआइ औरसीआईडी नई सरकार के साथ काम करना शुरू कर देगी है. टीएमसी के जिन लोगों ने इसकी साजिश रची उसे हम नहीं छोड़ेंगे. हम हिंसा का समर्थन नहीं करते लेकिन अपने कार्यकर्ता की खून की एक-एक बूंद का हिसाब हम कानूनन तरीके से लेंगे और टीएमसी की साजिश का जवाब देंगे। अभया कांड में टीएमसी के बहुत नेता बच गए लेकिन इसमें उनका सूद समेत हिसाब होगा और बंगाल की जनता उस दिन विजय उत्सव मनाएगी.”
इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने घटना की निंदा करते हुए इसकी जांच की मांग की है.
ग़ौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में हुए चुनाव में भवानीपुर से टीएमसी नेता और निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को क़रीब 15 हज़ार वोटों से हराया था.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत के साथ टीएमसी को सत्ता से बाहर किया है. अभी बीजेपी सरकार गठन की तैयारियों में जुटी है. चार मई को नतीजे आने के बाद से अलग-अलग इलाकों में हिंसा की कई खबरें सामने आती रही हैं.
