लोहरदगाः झारखंड के लोहरदगा में 30 जुलाई की शाम तीन घंटे के दौरान तीन आपराधिक वारदात को अंजाम देने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इन वारदात में प्रिया स्टोर के संचालक शुभम कुमार हत्याकांड का भी खुलासा हुआ है.
लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि इन घटनाओं की छानबीन के लिए एक एसआईटी गठित की गई थी. एसआईटी ने लोहरदगा थाना क्षेत्र के कुरसे के रहने वाले लाल रौशन नाथ शाहदेव और गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हसमथ राजा को गिरफ्तार किया है. साथ ही आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक गोली और मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.
उन्होंने बताया कि निधि कॉम्पलेक्स में प्रिया स्टोर चलाने वाले शुभम कुमार की हत्या मुखबिरी के शक में की गई थी. आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव ने पुलिस को बताया कि उसकी दुश्मनी पूर्व पीएलएफआई कमांडर संदीप भगत से थी. शाहदेव को शक था कि शुभम संदीप के लिए मुखबिरी करता था, इसी वजह से उसे गोली मार दी.
रौशन लाल के खिलाफ रांची और लोहरदगा जिले में करीब आधा दर्जन प्राथमिकी दर्ज है. ये पूर्व में भी गोलीबारी, रंगदारी, आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है.
खत्री ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप की घटना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 30 जुलाई को शाम 4:35 बजे आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव और हसमथ राजा खत्री ज्वेलर्स पहुंचे.13,500 रुपये की की चैन पर 500 रुपये कम करने को लेकर दुकानदार से विवाद हुआ. गुस्से में लाल रौशन ने पिस्तौल निकाल ली, लेकिन दुकानदार ने हथियार छीनकर दोनों को दुकान से बाहर कर दिया.
इसके बाद शाम 5:30 बजे दोनों पतराटोली पेट्रोल पंप पहुंचे और काउंटर से कैश लूटने की कोशिश की. वहां कर्मचारियों के शोर मचाने पर वे भाग निकले और सीधे बगल स्थित प्रिया स्टोर में घुस गए. यहीं उन्होंने शुभम कुमार को सिर में गोली मार दी. घायल शुभम को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी बनाई गई. सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने शनिवार की सुबह ग्राम ओयना के एक बंद मकान में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया.
