पटनाः बिहार के बाढ़ पीड़ितों की सहायता में सरकार ने खाते में 7-7 हजार रुपये हस्तांतरित किए हैं.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित आठ लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खाते में सात-सात हजार रुपये राहत राशि हस्तांतरित की है.
मंगलवार को पटना स्थित सीएम सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में कुल 579.23 करोड़ रुपये जारी किए गए.
इसके साथ ही सीएम ने पदाधिकारियों से कहा कि कोई परिवार छूट गया है, तो एक सप्ताह के अंदर उनकी सूची बनाएं, ताकि उन्हें राशि दी जा सके.
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर निर्देश दिया कि सभी जिले के डीएम एक रिपोर्ट बनायें, ताकि प्रथम दृष्टया में बाढ़ से जो क्षति है, उस रिपोर्ट को हमलोग केंद्रीय टीम को सौंप सकें. गौरतलब है कि बुधवार को केंद्रीय टीम बाढ़ से बने हालात और नुकसान का जायजा लेने बिहार आ रही है.
50 लाख की आबादी प्रभावित
इस वर्ष गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन आदि नदियों में आई बाढ़ से 15 जिलों की 88 प्रखंडों में 575 ग्राम पंचायतों की लगभग 50 लाख आबादी बाढ़ से किसी न किसी रूप में प्रभावित है.
इन जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा एवं अरवल शामिल है.
प्रभावित परिवारों को इस वर्ष की बाढ़ में पहली बार सात-सात हजार की आर्थिक सहायता दी जा रही है.
