रामगढ़ः झारखंड में रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह पुलिस की एक संगठित आपराधिक गिरोह के सदस्य के बीच मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी शिवराज उर्फ शिवा डोम घायल हो गया है.
उसके पैर में गोली लगी है. पुलिस ने उसके पास से दो अवैध पिस्टल, पांच दर्जन जिंदा कारतूस और अन्य सामग्रियां बरामद की हैं. घायल अपराधी को तत्काल इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा में भर्ती कराया गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.
रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया है कि रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस को इनपुट मिला था कि गिरफ्तार अपराधकर्मी शिवा रांची में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए रामगढ़ में छिपा हुआ है. जिसके बाद संयुक्त छापेमारी कर उसे हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में उसने चार हथियार खरीदने की बात कही है, जिसमें दो हथियार किसी दोस्त और दो हथियार छिपाकर रखा है, जिसे बरामद करवाने की बात कही.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी शिवा द्वारा जान से मारने की नियत से पुलिस पर फायरिंग की. पुलिस ने खुद के बचाव में फायरिंग की, जिसमें शिवराज के दाहिने पैर में गोली लग गई.
