रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के हरमू चौक पर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोते जाने और कथित अपमानजनक टिप्पणी से गुस्साये भाजपा के नेताओं ने अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. इसके साथ ही इस घटना की त्वरित जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है.
पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पार्टी के उपाध्यक्ष बाल मुकुंद सहाय, महामंत्री गणेश मिश्रा, विधायक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंच कर पूरी घटना की जानकारी दी.
इसके बाद भाजपा के हरमू मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई. इसमें दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क एवं उनकी प्रतिमा की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है.
दीपक प्रकाश ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी भाजपा के सैद्धांतिक अधिष्ठान के प्रणेता एवं जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष और भाजपा के विचारधारा के प्रमुख व्यक्तित्वों में से एक थे. उनकी प्रतिमा को कालिख पोतने और उसे क्षतिग्रस्त करने के प्रयास से हम भाजपा के कार्यकर्ताओं को आघात पहुंचा है.
