रांचीः रांची के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शुक्रवार की सुबह एक किराए के मकान से महिला और ढाई साल बेटे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है. पिंकी देवी की 15 वर्षीय ननद चंदा कुमारी तथा चार वर्षीय बेटी प्राची कुमारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं, जिन्हें इलाज के लिए पहले सेवा सदन फिर बाद में रिम्स में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया है. और जांच जारी है.
पिंकी देवी रांची में एक कपड़ा दुकान में काम करती थीं. उनके पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका है. यह परिवार चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में धन्नू यादव के मकान में किराए पर रहता था.
सभी मूल रूप से बिहार के छपरा जिला स्थित महमदा गांव के निवासी थे.
दम घुटने की वजह से?
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि शुक्रवार की रात पिंकी देवी ने कोयले के चूल्हे पर खाना पकाया और सभी ने एक साथ खाना भी खाया, लेकिन पिंकी कोयले के चूल्हे को कमरे से बाहर निकालना भूल गई और कमरा बंद करके सो गई.
शनिवार की सुबह जब काफी देर हो जाने के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो लोगों को संदेह हुआ. इसके बाद एस्बेस्टस हटाकर लोगों ने घर के अंदर प्रवेश किया. पिंकी देवी और उनके बेटे श्रवण कुमार मृत पड़े थे, जबकि चंदा कुमारी और प्राची कुमारी गंभीर रूप से घायल थीं.
संभावना व्यक्त की जा रही है कि चूल्हे के धुएं से सभी का दम घुट गया. पुलिस न शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो के मुताबिक मां और बच्चे की मौत दम घुटने की वजह से हो सकती है. कमरे से कोयले का चूल्हा बरामद किया गया है. कमरे में वेंटिलेशन का कोई रास्ता नहीं था, इस वजह से लोगों का दम घुट गया होगा.
