रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के निवारणपुर मे स्थित आरआरएस के प्रांतीय कार्यालय में पेट्रोल बम फेंकने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनमें से एक सैफ अंसारी कोतवाली थाने के बाथरूम से भाग निकला. पुलिस ने काफी दूर तक उसका पीछा किया. इस दौरान मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है.
इस मामले में गिरफ्तार लोगों का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आ रहा है. साथ ही बड़ी साजिश की आशंका को लेकर पुलिस की एसआईटी, एटीएस और एनआईए की टीम जांच मे जुटी है. आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ जारी है.
जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें लोहरदगा के आजाद बस्ती का रहने वाला अमन अंसारी, ईमली मोड़ तालाब के निकट का रहने वाला सैफ अंसारी और रांची के सायम सुजान को गिरफ्तार किया गया है.
कब की घटना और कैसे हुई गिरफ्तारी
मंगलवार की रात 12.36 बजे आरआरएस कार्यालय पर दो पेट्रोल बम फेंके गए थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने एक एसआईटी गठित की थी. तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेजी से अनुसंधान शुरू किया गया.
बुधवार की रात पुलिस ने कोडरमा से सटे गझंडी-रफीगंज रेलवे स्टेशन से अमन अंसारी और सैफ अंसारी को गिरफ्तार किया. दोनों बाहर भागने की कोशिश में थे. दोनों से पूछताछ के बाद रांची से सायम सुजान को गिरफ्तार किया गया.
कैसे भागा और पुलिस ने मारी गोली
गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें रांची के कोतवाली थाना में रख कर पूछताछ कर रही थी.
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया है कि गुरुवार को सैफ अंसारी ने पुलिस को बताया कि उसे बाथरूम जाना है. जहां से वह खिड़की के सहारे भाग निकला.
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने वायरलेस पर सभी थाने को अलर्ट किया. कंट्रोल रूम में सीसीटीवी देखना शुरू किया.
इस बीच मांडर टोल प्लाजा पर पुलिस ने एक ऑटो से उसे पकड़ा. वहां से सैफ को एक बोलेरो में लेकर पुलिस लौट रही थी.
चान्हो थाना क्षेत्र के लुकइया मोड़ के पास फिर उसने पुलिस की सर्विस रिवॉल्वर छीन कर भागने की कोशिश की. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. एक गोली सैफ के पैर में लगी है. उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है.
एसएसपी ने यह भी बताया कि एटीसी सभी एंगल से जांच में जुटा है. रांची पुलिस की एसआईटी भी आगे की तफ्तीश में लगी है.
पाकिस्तान कनेक्शन
जानकारी के अनुसार आरएसएस कार्यालय पर हमला के बाद घटना का वीडियो बना कर दोनों आरोपियों ने उसे पाकिस्तान भेजा था.
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों का आतंकी कनेक्शन है. इसी आधार पर भी पुलिस छानबीन कर रही है. जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने संघ दफ्तर पर बम फेंका, दूसरे ने वीडियो बनाया और पाक में बैठे हैंडलर शहबाज आलम उर्फ भट्टी को भेजा.
एटीएस इस मॉड्यूल की जांच में जुटी है. सैफ अंसारी, जिसके पैर में गोली लगी है पहले दुबई में एयर कंडीशन का मिस्त्री था. दुबई में ही वह देश विरोधी तत्वों के संपर्क में आया.
