रांचीः झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद पार्टी के राज्य प्रभारी के राजू ने आरोप लगाया है कि सत्ता में सहयोगी राजद और माले ने धोखा दिया.
कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि माले और राजद के धोखे की वजह से कांग्रेस प्रत्याशी की हार हुई. हालांकि माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने बयान जारी कर किसी धोखे से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि माले के दोनों विधायकों ने गठबंधन के उम्मीदवार को वोट दिया है.
इधर राजद ने भी इस आरोप को खारिज किया है.
राजद के पास चार विधायक हैं. सत्तारूढ़ कांग्रेस में 16 विधायक हैं. एक सीट पर जेएमएम के उम्मीदवार बैजनाथ राम की जीत हुई है. जबकि दूसरी सीट पर एनडीए समर्थित परिमल नथवाणी जाते हैं.
राष्ट्रीय जनता दल विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने दावा किया है कि उनकी पार्टी के सभी चार विधायकों ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को वोट किया है.
उन्होंने कहा कि राजद हमेशा से भारतीय जनता पार्टी की विरोधी पार्टी रही है. के. राजू जो बोल रहे हैं उन्हें झारखंड की राजनीति का ज्ञान ही नहीं है.
