गढ़वाः झारखंड मुक्ति मोर्चा की जिला समिति ने श्री बंशीधर नगर निवासी और पार्टी नेता दीपक प्रताप देव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
पार्टी ने उन पर संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन करने और सार्वजनिक मंच से पार्टी विधायक के खिलाफ बयानबाजी करने का आरोप लगाया है.
झामुमो जिला सचिव शरीफ अंसारी ने जिला अध्यक्ष शंभु राम के निर्देश पर यह नोटिस जारी किया है. इसमें दीपक प्रताप देव को नोटिस प्राप्त होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है.
विधायक अनंत प्रताप देव के खिलाफ बयानबाजी
जारी नोटिस में कहा गया है कि 3 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया, यूट्यूब, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से यह जानकारी सामने आई कि दीपक प्रताप देव ने झामुमो का पार्टी पट्टा पहनकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
इस दौरान उन्होंने भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के झामुमो विधायक अनंत प्रताप देव के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयान दिया. इतना ही नहीं, उन्होंने वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में अनंत प्रताप देव के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा भी कर दी.
उन्होंने यह भी कहा कि विधायक जहां से चुनाव लड़ेंगे, वह भी उसी सीट से मैदान में उतरेंगे. पार्टी ने इसे संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी की मर्यादा के खिलाफ माना है.
अनुशासनहीनता का गंभीर मामला
झामुमो जिला समिति ने अपने नोटिस में कहा है कि किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता द्वारा सार्वजनिक मंच से पार्टी के निर्वाचित जनप्रतिनिधि के खिलाफ बयान देना संगठन की नीति और सिद्धांतों के विपरीत है. नोटिस के अनुसार, दीपक प्रताप देव का आचरण अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है और इससे संगठन की छवि प्रभावित हुई है.
इसी कारण उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है. पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो मामले को आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए झामुमो के केंद्रीय कार्यालय को भेज दिया जाएगा.
