रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच कर रही सीआइडी की विशेष जांच टीम सोमवार को एक साथ राज्य के अलग-अलग हिस्से में छापेमारी कर रही है.
जानकारी के मुताबिक करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी जारी है. इधर रांची में आयोग के चेयरमैन एल ख्यांग्ते चौथी बार सीआइडी के समक्ष पेश हुए हैं. उनसे बी पूछताछ शुरू हो गई है.
इससे पहले तीन बार सीआइडी की टीम उनसे पूचताछ कर चुकी है. जेपीएससी के दफ्तर और परीक्षा लेने वाली एजेंसी टीडीपीएल के दफ्तर में सीआइडी की पिछले महीने 21 जुलाई को छापेमारी के बाद ख्यांग्ते ने पद से इस्तीफा दे दिया था. 1988 बैच के आईएएस अफसर रहे ख्यांग्ते राज्य के मुख्य सचिव भी रहे हैं.
विभिन्न ठिकानों पर छापे
जानकारी के मुताबिक, सीआईडी की विशेष टीमों ने राजधानी रांची, बोकारो, पलामू और हजारीबाग समेत राज्य के कई अन्य जिलों में स्थित संदिग्धों और कई कोचिंग संचालकों से जुड़े ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है.
ये छापेमारी उन लोगों और ठिकानों पर केंद्रित रही, जिनका नाम जांच के दौरान सामने आया है या जिन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशें की हैं. कार्रवाई के दौरान जांच टीम को कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं.
पलामू से मिली जानकारी के मुताबिक सीआइडी और पलामू पुलिस की टीम ने मेदिनीनगर में शिक्षक रवि कुमार सिंह और संतोष कुमार सिंह के घर पर छापेमारी की है.
इस छापेमारी में दोनों शिक्षकों के घर से सीआईडी और पलामू पुलिस की टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं.
छापेमारी में शामिल टीम को कई डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं. यह छापेमारी रविवार की देर रात शुरू हुई थी और सोमवार की सुबह तक चली है.
शिक्षक संतोष कुमार के मेदिनीनगर बीएन कॉलेज स्थित हमीदगंज और नौडीहा के घर पर छापेमारी की गई. वहीं शिक्षक रवि शंकर के मेदिनीनगर के बारालोटा स्थित घर में छापेमारी की. हालांकि छापे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई ब्योरा सामने नहीं आया है.
हजारीबाग से एक अभ्यर्थी गिरफ्तार
गौरतलब है कि झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के संबंध में जांच कर रही सीआइडी की एसआईटी ने गलत तरीके से 14वीं सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) पास करने वाले एक अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गुरुवार, 29 जुलाऊ को गिरफ्तार किया है.
जांच एजेंसी ने परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर सीआइडी थाना कांड संख्या 16/ 2026 के अनुसंधान के क्रम में यह कार्रवाई की है.
जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2025 (विज्ञापन संख्या 01/2026) की प्रारंभिक परीक्षा में चयनित एक अभ्यर्थी सुमन ने अनुचित अनुचित तरीके से परीक्षा उत्तीर्ण की थी . अपराध अनुसंधान विभाग द्वारा हजारी विभाग पुलिस की सहायता से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
सौरभ सुमन के पास से ओएमआर की कार्बन कॉपी भी प्राप्त नहीं हुई है. उसने अपना अपराध को स्वीकार किया है. कांड का अनुसंधान प्रगति पर है.
श्वेता गुप्ता और अभय तिवारी
जेपीएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच अपराध अनुसंधान विभाग की एसआईटी कर रही है. आयोग की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता, पोड़ैयाहाट के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभय तिवारी और परीक्षा लेने वाली एजेंसी टीडीपीएल से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
गलत तरीके से पीटी पास करने वाले एक अभ्यर्थी की गिरफ्तारी के बाद सीआइडी ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है.
सीआइडी ने श्वेता गुप्ता समेत पांच लोगों को रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की है.
श्वेता गुप्ता और अभय तिवारी से जांच एजेंसी को कई अहम जानकारी हासिल हुई है. इसी आधार पर जांच को रफ्तार दी जा रही है. श्वेता गुप्ता और अभय तिवारी से जांच एजेंसी को कई अहम जानकारी मिली है.
