रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ दो हफ्ते से आंदोलन कर रहे छात्र विधानसभा घेराव करने निकले हैं. इस घेराव में हजारों छात्र शामिल हैं. हाथों में तिंरगा, जेपीएससी, जेएसएसी तथा सरकार के खिलाफ नारे लिखे तख्तियों को थामे अलग-अलग रास्ते से विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं. सैकड़ों छात्र खेतों से आते- जाते दिख रहे हैं.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर लगाए पुलिस के कई बैरिकेड को तोड़ दिया है. भीड़ को पीछे करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है.
पानी की तेज बौछार के बावजूद कई छात्र पीछे हटने के बजाय वहीं पर जमकर डांस करने लगे. प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस से कहा, “और चलाओ, और चलाओ.”
कुछ छात्रों ने पुलिसकर्मियों से कहा, “भईया, थोड़ा और प्रेशर दीजिए, बहुत गर्मी है.”
प्रदर्शनकारी वाटर कैनन के बीच लगातार नारेबाजी कर रहे हैं. छात्रों का कई जत्था पुलिस को चकमा देते हुए विधानसभा के नजदीक पहुंच गया है.
पूरे इलाके में भारी पुलिस बलों की तैनाती की गई है. जगह-जगह पुलिस ने लोहे के कंटीले तार लगा रखे हैं. प्रदर्शनकारी पीछे लौटने को तैयार नहीं है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक एक प्रदर्शनकारी छात्र कंटीले तारों से घिरे बैरिकेड पर चढ़ गया. इसके बाद छात्रों ने बैरिकेड तोड़ दी.
