रांचीः जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ रांची में चल रहे छात्र आंदोलन और भूख हड़ताल के बीच रविवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच रविवार को तीसरी बार वार्ता हुई. लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला.
स्टेट गेस्ट हाउस में छात्रों के प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान ही सरकार के चार मंत्रियों ने जयपाल सिंह स्टेडियम में आठ दिनों से भूख हड़ताल कर रहे देवेंद्र नाथ महतो से भी वीडियो कॉल पर बात की.
मंत्रियों ने जब देवेंद्र को कॉल किया था, तब उनकी सेहत की मेडिकल टीम जांच कर रही थी.
आंदोलनकारी छात्रों से वार्ता करने के लिए सरकार ने मंत्री सुदिव्य कुमार दीपिका सिंह पांडेय, चमरा लिंडा और संजय सिंह यादव की कमेटी गठित की है.
देवेंद्र नाथ महतो ने जारी बयान में कहा है कि वीडियो कॉल के माध्यम से मंत्रियों ने छात्रों की मांगों पर चर्चा कर मांगों के समाधान का भरोसा दिलाया. इसके साथ ही उन्होंने हमारी भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया.
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा है कि वीडियो कॉल पर बात करने के लिए हमने मंत्रियों का आभार जताया है. लेकिन यह भी स्पष्ट किया है कि सिर्फ मौखिक आश्वासन के आधार पर छात्रों का अनशन और आंदोलन समाप्त नहीं होगा.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर लिखित रूप से जवाब नहीं दिया जाता और मांगों को पूरा करने की दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी.
