रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ रांची में छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें सूत्रों के हवाले और ब्रेकिंग के जरिए बताया जा रहा है कि वार्ता के लिए सरकार ने चार मंत्रियों और कुछ अधिकारियों की कमेटी बनाई है.
मीडिया के सवालों पर वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा, ‘ऐसी कोई कमेटी नहीं बनाई गई है. मंत्रियों का एक समूह जरूर बनाया गया है, जिसमें दीपिका पांडे सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू, संजय प्रसाद यादव और चमरा लिंडा शामिल हैं, लेकिन उनका काम सिर्फ चल रहे आंदोलन पर नजर रखना है. उन्हें असल बातचीत करने का काम नहीं सौंपा गया है.”
वित्त मंत्री ने कहा, “सरकार और खुद मुख्यमंत्री ने आज कहा है कि छात्रों के प्रति हमारे समर्थन और संवेदनशीलता को सचमुच सीना फाड़कर नहीं दिखाया जा सकता. हम काम करने में विश्वास रखते हैं और छात्रों के हित में सब कुछ करेंगे. यह संदेश उन तक पहुंचा दिया गया है. अब यह छात्रों पर निर्भर करता है कि वे सरकार के साथ कब और कैसे बातचीत करना चाहते हैं.’
