हजारीबागः एंटी करप्शन ब्यूरो हजारीबाग की टीम ने दारू अंचल के राजस्व कर्मचारी ज्ञानी राम को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र के मेढ़कुरी कला गांव निवासी हिरामन प्रजापति ने आवेदन देकर राजस्व कर्मचारी के विरुद्ध जांच एजेंसी में शिकायत की थी.
दाखिल खारिज के एक मामले में कर्मचारी ने दस हजार रुपये घूस की मांग की थी.
हिरामन प्रजापति ने एसीबी को दिए गए आवेदन में उल्लेख किया था पत्नी दुर्गा देवी के नाम उन्होंने दाखिल-खारिज का आवेदन दारू अंचल कार्यालय में दिया था. उनका आरोप था कि दाखिल-खारिज के आवेदन को स्वीकृत करने के बदले राजस्व कर्मचारी ज्ञानी राम 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है. हिरामन रिश्वत देने को तैयार नहीं था. जिसके बाद उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से इसकी शिकायत की.
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया. जिसमें पाया गया कि आरोपी ज्ञानी राम ने आवेदक से पहली किस्त के रूप में 3,000 रुपये की मांग की थी. सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर एसीबी हजारीबाग ने मामला दर्ज कर उन्हें घूस लेते गिरफ्तार किया.
