रांचीः झारखंड सरकार ने 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा को डीजीपी के पद पर नियुक्त किया है. गृह विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है.
वे अगले दो साल तक झारखंड पुलिस प्रमुख के पद पर काम करेंगी.
अभी वे प्रभारी डीजीपी के तौर पर कार्य भार संभाल रही थीं. पिछले 6 नवंबर को उन्हें प्रभारी डीजीपी की जिम्मेदारी दी गई थी.
मंगलवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक तदाशा मिश्रा को महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक (एचओएएफ) के पद पर नियुक्त किया गया है.
उनकी नियुक्ति झारखंड में पुलिस प्रमुख के चयन एवं नियुक्ति नियमावली 2025 के संशोधित प्रावधान के तहत किया गया है. दरअसल, उनकी वास्तविक सेवानिवृत्ति तिथि 31 दिसंबर 2025 थी.
उल्लेखनीय है कि सरकार ने पुलिस प्रमुख के चयन व नियुक्ति के लिए आठ जनवरी को एक आदेश जारी किया था. उसी आदेश के तहत तदाशा मिश्रा की नियुक्ति डीजीपी के पद की गई है.
झारखंड कैडर के 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा प्रभारी डीजीपी से पहले झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं. वे राज्य में पुलिस महकमा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहने के साथ कई जिलों की एसपी भी रही हैं.
