खूंटीः खूंटी पुलिस ने रनिया थाना क्षेत्र से अफीम की खरीद-बिक्री करने आए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लगभग 2.328 किलोग्राम अवैध गीली अफीम बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है.
इसके साथ ही पुलिस ने दो बाइक और तीन टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाथ लोमगा, बिरसा बरजो, सुपाए कन्डायबुरु और गांदु बरजो उर्फ संदीप बरजो के रूप में हुई है.
एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया है कि सूचना मिली थी कि रनिया थाना क्षेत्र के तांबा गांव के पास कुछ लोग अफीम का सौदा करने के लिए जुटने वाले हैं. डीएसपी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. गठित टीम जब तांबा गांव के पास पहुंची तो वहां दो बाइकों के साथ खड़े चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया.
जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई. आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पश्चिम सिंहभूम में ही अफीम की खेती करते थे और उसे बेचने के लिए खूंटी व रांची के व्यापारियों के पास आए थे.
