पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत दौरे पर बुधवार को दिल्ली पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का स्वागत करते हुए दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान के संयुक्त प्रयास इंडो-पैसिफिक क्षेत्र सहित दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देंगे.
प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची बुधवार शाम तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ”भारत में आपका बहुत-बहुत स्वागत है, प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची. हमें आपके पहले भारत दौरे पर आपकी मेजबानी करके बहुत खुशी हो रही है और मैं गुरुवार को हमारी बड़ी बातचीत का इंतजार कर रहा हूं. जिससे भारत और जापान की स्पेशल स्ट्रैटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप और गहरी होगी.”
हैदराबाद हाउस में जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जापान ने भारत की विकास यात्रा में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और प्रधानमंत्री ताकाइची की यह यात्रा दोनों देशों की विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के नए अध्याय की शुरुआत है.
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दोनों देशों ने आर्थिक सुरक्षा के लिए संयुक्त रोडमैप तैयार किया है. इसके तहत सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स और सप्लाई चेन जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं.
वहीं ताकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं भारत की राजधानी दिल्ली पहुंच गई हूं. जापान के प्रधानमंत्री के तौर पर यह लगभग तीन साल में मेरा पहला भारत दौरा होगा और व्यक्तिगत तौर पर भी.”
भारत और जापान की बातचीत का सबसे बड़ा फोकस सेमीकंडक्टर, एआई और इंडो-पैसिफ़िक को लेकर होने वाले समझौतों पर होगा.
