रांचीः झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा में तैनात सरकारी गार्ड्स और गाड़ियों को लौटा दी है. इस बाबत उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक को एक पत्र भी भेजा है.
हालांकि अभी सभी सुरक्षा गार्ड डीजीपी के अगले आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं. वित्त मंत्री के आवास पर ही वे रह रहे हैं. बस साथ नहीं चल रहे हैं.
पिछले पांच दिनों से वह बिना सुरक्षा के ही चल रहे हैं. गुरुवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक में भी वित्त मंत्री बिना सुरक्षा के ही पहुंचे. हालांकि, वह अभी भी मंत्री कोटा की सरकारी गाड़ी में घूम रहे हैं.
वित्त मंत्री की सुरक्षा में तीन वाहन चल रहे थे. और उनकी सुरक्षा में 16 सुरक्षा कर्मी तैनात थे. इसे लेकर उन्होंने पुलिस मुख्यालय को एक पत्र लिखा था कि 16 सुरक्षाकर्मियों के लिए तीन गाड़ियां कम पड़ रही हैं. इसलिए एक और गाड़ी दी जाए.
इस बीच पुलिस पुलिस मुख्यालय के एक आला अधिकारी ने मंत्री की सुरक्षा में लगी एक गाड़ी लौटाने के लिए विभाग को पत्र लिखा. मंत्री के अपने विभाग के ही संयुक्त सचिव ने सुरक्षा में लगी एक गाड़ी वापस करने के लिए यह पत्र वित्त मंत्री को पत्र भेजा, जो उन्हें असहज कर गया.
इसके बाद उन्होंने कड़ा रुख दिखाते हुए सुरक्षा की सारी सुविधाएं लौटा दी. डीजीपी को लिखे पत्र में मंत्री ने उस पुलिस अधिकारी के भेजे पत्र की भी चर्चा की है.
वित्त मंत्री ने लिखा है, “विभाग के संयुक्त सचिव के द्वारा मेरे आप्त सचिव को लिखा गया पत्र मेरे लिए शर्मिंदगी का विषय है. इसलिए मैं सुरक्षाकर्मी और गाड़ियां लौटा रहा हूं. “
