जमशेदपुरः बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को पुलिस गिरफ्त से बचते हुए जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.
पुलिस ने मंडल के बारे में सूचना देने के लिए दो लाख रुपये का इनाम रखा था.
वह सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया का निवासी है और पुलिस उसे इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता मान रही है.
इस मामले में पुलिस अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं.
इससे पहले रविवार को डीडी बार के मालिक सह भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान के खाटू धाम में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस उन्हें राजस्थान से लेकर मंगलवार को जमशेदपुर पहुंची. पुलिस ने बार के मैनेजर विजय कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
घटना 27 जून की रात डीडी बार परिसर में हुई थी. , हिमांशु सिंह, प्रत्युष आनंद और उनके दो साथियों का दूसरे पक्ष के युवकों से विवाद हुआ था. विवाद के बाद पुलिस की मौजूदगी में एक पक्ष ने कुल्हाड़ी, चाकू, चापड़ और अन्य धारदार हथियारों से हिमांशु और प्रत्युष पर हमला कर दिया. इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई. जबकि प्रत्युष का गंभीर हालात में अस्पताल में इलाज चल रहा है.
