रांचीः झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा काफिले में एक अतिरिक्त गाड़ी बढ़ा दी गई है. इस नए आदेश के बाद अब वित्त मंत्री की सुरक्षा में कुल तीन एस्कॉर्ट गाड़ियां तैनात रहेंगी. काफिले में गाड़ियां बढ़ाये जाने पर मंत्री की अफसरों से नाराजगी खत्म हो गई है.
राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा के निर्देश के बाद आईजी प्रोविजन की ओर से गाड़ी बढ़ाये जाने के बाबत आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है. नए आदेश के तहत वित्त मंत्री के काफिले के साथ अब तीन बोलेरो जीप एस्कॉर्ट के रूप में चलेंगी.
सीएम हेमंत के प्रति आभार जताया
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के व्यक्तिगत हस्तक्षेप से ही इस पूरे मामले का पटाक्षेप हो सका है. उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सीएम ने मामले की गंभीरता को समझा और त्वरित निर्णय लिया. मैंने सुरक्षा मानकों के आधार पर ही सवाल उठाया था. इसमें व्यक्तिगत नाराजगी जैसी कोई बात नहीं थी.
क्या था विवाद
वित्त मंत्री की सुरक्षा में 16 पुलिसकर्मियों का काफिला चलता है. उन्होंने डीजीपी को पत्र लिखा था कि सुरक्षाकर्मियों के लिए एक और गाड़ी बढ़ा दी जाए.
इस बीच वित्त विभाग के संयुक्त सचिव ने मंत्री के काफिले से एक गाड़ी वापस लेने से संबंधित पत्र मंत्री के पीएस को भेजा. यह पत्र मंत्री को नागवार गुजरा. इसके बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा लौटा दी.
गाड़ी और सुरक्षा लौटाए जाने के बाद भी सुरक्षाकर्मी दूर से ही मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे. कई दिनों तक जिच बना रहा. इस बीच मंत्री अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर अफसरों को लगातार पत्र लिखते रहे.
