झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होने देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. राज्य के युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रत्येक छात्र को हर हाल में न्याय मिलेगा.
उन्होंने कहा कि जेपीएससी की आड़ में सरकार के खिलाफ साजिश रचने तथा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के बहुत जल्द बेनकाब होंगे।.
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता से समझौता नहीं किया जाएगा। यही वजह है कि पिछली भर्तियों में काफी संख्या में गरीब और जरूरतमंद घरों के बच्चों को सरकार का अंग बनने का अवसर मिला है.
बीजेपी पर निशाना
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हेमंत सरकार पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है. झारखंड के युवा आज भी नहीं भूले हैं कि भाजपा के शासनकाल में जेपीएससी की परीक्षाएं लगातार विवादों, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी रहीं.
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद बाबूलाल मरांडी की सरकार के समय पहली संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के दौरान मूल्यांकन प्रक्रिया, उत्तर पुस्तिकाओं में कथित हेरफेर और चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठे. बाद के वर्षों में इन मामलों की जांच केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंची और लंबी कानूनी प्रक्रिया चली।.
उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा सहित भाजपा के विभिन्न कार्यकालों में आयोजित जेपीएससी परीक्षाओं को लेकर भी कॉपियों में कथित हेरफेर, नंबर बढ़ाने, भाई-भतीजावाद तथा चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न उठते रहे। इन मामलों ने राज्य की भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता को गहरा आघात पहुंचाया और लंबे समय तक अभ्यर्थियों को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ा.

कांग्रेस के कुमार राजा मिलने पहुंचे
इधर झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी की सीआइडी जांच के बीच रांची में छात्रों, युवाओं का आंदोलन जारी है. जयपाल सिंह स्टेडियम में दो अलग-अलग खेमों में छात्र आंदोलन कर रहे हैं. एक का नेतृत्व जेएलकेएम से जुड़े नेता कर रहे हैं.
इस बीच रविवार को कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष कुमार राजा ने जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों की भावना और मांग को जानने- समझने की कोशिशें की.
उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों को यह आश्वासन दिया है कि सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है. छात्रों और अभ्यर्थियों ने राजा के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं. इनमें 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने जेपीएससी, जेएसएससी की परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग भी शामिल हैं.
मीडिया से बातचीत करते हुए कुमार राजा ने कहा कि हमें अभ्यर्थियों के आंदोलन करने से कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि यह तो उनका संवैधानिक अधिकार है. उन्होंने कहा कि छात्रों की जो भी मांगें हैं, उसे मैं पहले पार्टी स्तर पर रखूंगा। पार्टी स्तर पर विमर्श के बाद उसे सरकार तक पहुंचाया जाएगा.
