झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ रांची में छात्रों का जारी आंदोलन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो लगातार दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर रहे. उन्होंने कहा है कि चार अगस्त की उनकी भूख हड़ताल झारखंड आंदोलन के अग्रणी, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित रहेगी.
चार अगस्त को शिबू सोरेन की पुण्य तिथि है. पुण्य तिथि पर पूरे राज्य में श्रद्धांजलि सभा का कार्यक्रम होना है.
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा है कि गुरुजी के संघर्ष, त्याग और जनहित के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेते हुए वे राज्य के छात्रों के न्यायपूर्ण भविष्य के लिए यह आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गुरुजी के आदर्शों एवं संघर्ष के मार्ग पर चलते हुए छात्रों के अधिकारों की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी.
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि जेपीएससी एवं जेएसएससी से जुड़े मामलों में शीघ्र, पारदर्शी एवं ठोस निर्णय लेकर छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं.
उनकी मांग है कि जेपीएससी 14वीं सिविल सेवा परीक्षा की सीबीआइ जांच कराई जाए और पीटी परीक्षा का परिणाम रद्द हो.
