रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ रांची में छात्रों का जारी आंदोलन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो लगातार तीसरे दिन भी भूख हड़ताल पर है. इस बीच मंगलवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई.
इसकी जानकारी मिलने के बा मेडिकल टीम धरना स्थल पर पहुंची. उनके स्वास्थ्य की जांच की गई. स्थिति देखते हुए उन्हें स्लाइन चढ़ाया गया
हालांकि लगातार धरना, प्रदर्शन और भूख हड़ताल से वे कमजोर दिख रहे हैं.
उन्होंने कहा है कि आज की उनकी भूख हड़ताल झारखंड आंदोलन के अग्रणी, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित है.
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा है कि गुरुजी के संघर्ष, त्याग और जनहित के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेते हुए वे राज्य के छात्रों के न्यायपूर्ण भविष्य के लिए यह आंदोलन कर रहे हैं. वे अपने सीने से संविधान की किताब और गुरुजी की तस्वीर सटाये सोये पड़े हैं.
उन्होंने धरना स्थल से एक वीडियो भी एक्स पर जारी किया है. इसमें वे बता रहे हैं कि सत्याग्रह आंदोलन के 11 दिन हो गए. सरकार बात करे या इस्तीफा दे.
महतो ने भूख हड़ताल जारी रखने की बात एक बार फिर दोहरायी है. उन्होंने कहा है कि जेपीएससी की परीक्षा रद्द करने, सीबीआइ जांच बैठाने की मांग अगर सरकार नहीं मानती है, तो वे भी आंदोलन से डिगने वाले नहीं हैं.
उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य के सामने उनका ये आंदोलन अभी छोटा ही है. उन्होंने रविवार रात को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी.
उनका कहना था कि हफ्ते भर के विरोध प्रदर्शन के बाद भी सरकार की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली, इसलिए उनके पास कोई और विकल्प नहीं बचा था.
