रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में जारी छात्रों के विरोध, प्रदर्शन के समर्थन में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा अब इसे और धार देने की तैयारी में हैं. रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में जेएलकेएम के नेता देवेंद्र नाथ महतो तीन दिनों से बूख हड़ताल पर हैं. हालांकि धरना स्थल पर जेएलकेएम के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी का झंडा, बैनर नहीं लगाया है और वे इसे छात्र आंदोलन का शक्ल देने का दावा करते रहे हैं.
इस बीच मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (ने धनबाद के मेमको मोड़ स्थित शहीद मनींद्र नाथ मंडल की प्रतिमा के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया. धरना में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, छात्र और समर्थक शामिल हुए. कार्यक्रम में मुख्य रूप से डुमरी विधायक जयराम महतो मौजूद रहे.
रांची कूच करने की तैयारी
धरना को संबोधित करते हुए डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों का मनोबल बढ़ाना और उनके संघर्ष को मजबूती देना है.
उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और जेएलकेएम छात्रों की हर लोकतांत्रिक लड़ाई में उनके साथ खड़ा रहेगा.
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक बनाएगी. जरूरत पड़ने पर जेएलकेएम रांची कूच करेगा और विधानसभा के समक्ष भी जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा.
खूंटी में भी प्रदर्शन
उधर खूंटी में भी मोर्चा के बैनर तले मंगलवार को जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में किथत अनियमितताओं और धांधली के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया.
जिला अध्यक्ष कुमार ब्रजिकशोर के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष कार्यकर्ता धरना पर बैठे. कार्यकर्तों ने कहा है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
