रांचीः नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झारखंड में पेपर लीक का मामला ही नहीं है बल्कि यहां जेपीएससी और जेएसएसी के द्वारा खुलेआम नौकरियां बेची गई हैं. 14वीं जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी के अलावा एसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित तमाम परीक्षा में धांधली एवं अनियमितता सामने आई है.
बाबूलाल के नेतृत्व में भाजपा के विधायकों ने बुधवार की शाम जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम जाकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की. इस दौरान भाजपा नेताओं एवं छात्रों के बीच 15 मिनट से अधिक समय तक की वार्ता हुई. बाबूलाल मरांडी छात्रों की मांग सहित आंदोलन से जुड़े सारे पहलुओं से अवगत हुए.
सीबीआइ जांच से कम नहीं
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएसी में जिस प्रकार गड़बड़ियां हुई हैं उन्हें लेकर छात्रों की मांग इन परीक्षाओं को रद्द करते हुए सीबीआइ जांच कराने की है. इससे कम मांग पर छात्र मानने को कतई तैयार नहीं हैं. छात्रों की सारी मांगें बिल्कुल जायज और वाजिब हैं. भाजपा छात्रों के मुद्दे पर उनके साथ सड़क से सदन तक खड़ी है। इस मामले को विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा.
करप्शन का दलदल
उन्होंने कहा कि झारखंड को करप्शन के दलदल से बचाना हम सभी का दायित्व है. छात्रों के भविष्य के साथ-साथ झारखंड के भविष्य को भी बचाने की जरूरत है. इस गड़बड़ी के माध्यम से जो लोग अफसर, बाबू बनेंगे, जो लोग आज पैसे देकर नौकरी खरीदेंगे, वो अगले 30 साल तक झारखंड में करप्शन का रायता फैलाएंगे. वे इस राज्य को लूटकर पूरी तरह खोखला कर देंगे. इस परिपाटी को खत्म करना होगा.
उन्होंने राज्य सरकार की संवेदनशीलता पर भी सवाल उठाया. बारिश के मौसम में इस विषम परिस्थिति में छात्र आंदोलन में डटे हुए हैं, ये अपना वाजिब हक-अधिकार मांग रहे हैं परंतु झारखंड सरकार और प्रशासन ने थोड़ी भी मानवीय संवेदना नहीं दिखाई.
