रांचीः रांचीः झारखंड लोकसेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में भूख हड़ताल पर बैठे जेएलकेएम के नेता देवेंद्र नाथ महतो गुट के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से थोड़ी देर में सरकार की वार्ता होगी. रांची के एसडीओ कुमार रजत इन आठ छात्रों को लेकर स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे हैं.
इससे पहले शुक्रवार की रात छात्रों के एक गुट ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच’ के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सरकार की करीब पौने दो घंटे तक वार्ता हुई थी.
देवेंद्र नाथ महतो गुट ‘जेपीएससी-जेएसएसी अभ्यर्थी न्याय मंच’ के नाम से आंदोलन को आगे बढ़ा रहा है. वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडल की सूची सरकार को सौंप दी गई है. इस प्रतिनिधिमंडल में रामा अवतार महतो, चंदन कुमार, दिनबंधु मंडल, बिमल कुमार, पूजा कुमारी, प्रेम कुमार, रवि शंकर और अमित कुमार शर्मा शामिल हैं.
मे़डिकल की टीम पहुंची
इधर जयपाल सिंह मु्डा स्टेडियम में देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शनिवार को सातवें दिन भी जारी है. उन्होंने कहा है कि सरकार अनशन और आंदोलन का और इम्तिहान नहीं ले. छात्रों की मांगें जायज हैं. इसे अविलंब सरकार माने.
शनिवार को अनशन कर रहे देवेंद्र महतो समेत अन्य छात्रों की तबीयत को लेकर जांच करने मेडिकल की टीम पहुंची है. अनशन कर रहे कई छात्रों की सेहत में लगातार गिरावट आ रही है. देवेंद्र महतो की हालत भी अच्छी नहीं है.
शुक्रवार को एक छात्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है.
