रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में जारी छात्रों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस के रुख पर भाजपा लगातार हमलावर है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा है कि सोमवार को छात्रों के विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के लिए राहुल गांधी जिम्मेदार है.
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली एवं भाजपा शासित दूसरे राज्यों में गला फाड़-फाड़ कर छात्रों के मुद्दे उठाते हैं और लेकिन झारखंड के मामले में वे देश को गुमराह करने और सुविधा की राजनीति कर रहे हैं.
सीबीआइ जांच क्यों नहीं कराती कांग्रेस
साहू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से हेमंत सरकार चल रही है। राहुल गांधी मोबाइल से छात्रों से बात करके उन पर दबाव डालने का काम करते हैं परंतु उन्होंने छात्रों के सीबीआई जांच की डिमांड को लेकर कभी भी राज्य सरकार पर दबाव डालने का काम नहीं किया।.
राहुल गांधी में अगर थोड़ी भी नैतिकता है तो राज्य के छात्रों के साथ सीएम के दरवाजे पर धरना देने का काम करें. अगर उनकी बात सरकार नहीं सुनती है तो उन्हें तत्काल सरकार से समर्थन वापस लेकर छात्रों के मुद्दे पर लड़ाई लड़नी चाहिए.
उन्होंने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी देश के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगते हैं वहीं दूसरी ओर झारखंड के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर कभी बात नहीं करते. राहुल गांधी को प्रयागराज जाने से पहले झारखंड आकर यहां के छात्रों से वार्ता करनी चाहिए थी। राहुल गांधी का यह दोहरा रवैया नहीं चलेगा.
