झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ 24 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के उबाल खाने के बीच सरकार की एक बार फिर छात्र प्रतिनिधियों के साथ वार्ता शुरू होने का इंंतजार किया जा रहा है.
यह वार्ता रांची स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में होनी है. सरकार ने छात्रों से वार्ता के लिए पहले ही मंत्रियों की एक कमेटी बनाई है, जिसमें दीपिका सिंह पांडेय, सुदिव्य कुमार, संजय प्रसाद यादव और चमरा लिंडा शामिल हैं.
वार्ता में शामिल होने से पहले छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा, “हम लोग इस विश्वास के साथ जा रहे हैं कि सरकार के प्रतिनिधिमंडल द्वारा गंभीरता से हमारी सभी मांगों को माना जाएगा। मैं सिर्फ यही कहना चाहता हूं कि हम किसी भी मांग पर समझौता नहीं कर सकते… ये झारखंड के लाखों छात्रों की मांग है और जब लाखों छात्र सड़कों पर है तो सरकार को छात्रों के साथ आना चाहिए. जितनी मजबूती से छात्र आंदोलन किया जा रहा है, सरकार हमारी कई मांगों को मान चुकी है… आगे भी वे हमारी कई मांगों को मानेंगे… अगर बात नहीं बनेगी तो पूरी तीव्रता के साथ हमारा आंदोलन जारी रहेगा.”
उधर झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जांच कर रही सीआइडी की टीम ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के दफ्तर में छापा मारा है.
सीआइडी की टीम आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ कर रही है. साथ ही दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की सीजीएल परीक्षा में बड़े पैमाने पर हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं. छात्र सीजीएल की परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े हैं.
गौरतलब है कि शनिवार की शाम वार्ता का प्रस्ताव लेकर रांची के सदर एसडीओ कुमार रजत और एडीएम धनंजय कुमार जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे थे.
इस बार छात्रों को उनके विधिक सलाहकारों के साथ वार्ता में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है.
इससे पहले सरकार के मंत्रियों ने छात्रों के साथ किसी विधिक सलाहकार के आने पर साफ मना कर दिया था.
