रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में 26 दिनों से जारी आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है. रांची से बाहर के छात्र अब अपने घरों को लौट रहे हैं.
भूख हड़ताल कर रहीं छात्रा सबिता ने बुधवार को अनशन समाप्त किया. कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म कराया.
JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के झारखंड सरकार के फैसले पर छात्र नेता सविता कुमारी ने कहा, “हम 26 दिनों से घर से दूर हैं और आज मेरी भूख हड़ताल का 16वां दिन था. हमने आंदोलन को स्थगित किया है, समाप्त नहीं किया है. सरकार ने हमारी बहुत सारी मांगों को मान लिया है, इसके लिए हम सरकार का धन्यवाद करते हैं और उन्हें दो महीने का समय दे रहे हैं. सरकार हमारी मांगें पूरी नहीं करती है, तो हम इससे बड़ा आंदोलन करेंगे और सरकार के इस्तीफे की भी मांग कर सकते हैं.”
जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों के धरना को लेकर जो टेंट और प्लास्टिक लगाये थे, उन्हें भी खोला जा रहा है.
आंदोलन स्थगित करने से पहले मीडिया से बाचतीच में छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा, “…यह हमारे विरोध-प्रदर्शन का 26वां दिन है. छात्रों के विरोध के कारण, राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हमारी मांगें माननी पड़ीं. मैं परीक्षा रद्द होने का श्रेय झारखंड के सभी छात्रों और युवाओं को देना चाहता हूं. आप लोगों ने अनुशासन के साथ विरोध किया और अपनी मांगें रखीं.हमने सरकार से 22 परीक्षाएं रद्द करवाई हैं. यह हम सभी के लिए एक बड़ी जीत है.”
जेपीएससी-जेएसएसी रिफॉर्म मंच ने एक्स पर एक रिलीज जारी किया है. इसमें बताया है कि दो महीने के लिए आंदोलन स्थगित किया जा रहा है, क्योंकि सरकार ने हमें जांच रिपोर्ट के लिए दो महीने समय के बारे में लिखित रिपोर्ट दी है. सरकार ने हमारी सभी मांगों को पूरा कर दिया है. जो मांगे शेष हैं, उन्हें दो महीने में पूरा कर दिया जाएगा.
न्यायिक जांच पर सहमत
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा है, ” सुधारों से जुड़ी हमारी सभी मांगों को मानने के लिए सहमत हो गई है. सरकार न्यायिक जांच चाहती थी और CBI जांच का आदेश देने को तैयार नहीं थी, क्योंकि उसका मानना था कि हमारी मांग राजनीतिक है. हम न्यायिक जांच के लिए सहमत हो गए, और सरकार ने हमारे उठाए गए सभी मुद्दों पर सुधार लागू करने के लिए दो महीने का समय मांगा है – चाहे वे मुद्दे स्कोर कोड, स्कोरकार्ड, नॉर्मलाइज़ेशन, परीक्षा कैलेंडर या परीक्षाओं में अनियमितताओं से संबंधित हों.”
