झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के अध्यक्ष और डुमरी से विधायक जयराम कुमार महतो का बरवाअड्डा के थाना प्रभारी को कथित तौर पर गाली-गलौज से जुड़े एक कथित ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में विवाद गहराता जा रहा है. झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने पहले विधायक से माफी मांगने को कहा था. इससे जयराम ने साफ इनकार किया. अलबत्ता यह भी कहा कि इस तरह की भभकी से वे डरते नहीं. इस बीच बुधवार को एसोसिएशन ने पांच दिनों के अंदर विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है.
बुधवार को लगातार दूसरे दिन प्रेस कांफ्रेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विधायक के रवैये का विरोध किया. जयराम की अविलंब गिरफ्तारी नहीं होने पर एसोसिएशन ने पूरे राज्य में आंदोलन की चेतावनी दी है.
विधायक की गिरफ्तारी को लेकर एसोसिएशन ने धनबाद के एसएसपी से पत्राचार किया है। एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने अपने पत्र में बताया है कि झारखंड पुलिस एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने केंद्रीय समिति को बताया कि 21 अगस्त की रात विधायक जयराम कुमार महतो ने वाट्सएप काल पर धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से अभद्रता की. विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी के टेबल पर रखे सामान को भी तितर-बितर करते हुए उनकी नाम पट्टिका को तोड़ दिया.
इस मामले में बरवाअड्डा थाने में 22 अगस्त को कांड संख्या 146/26 के तहत विधायक जयराम महतो समेत दस नामजद तथा 40-50 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है.
उधऱ एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने विरोध में काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया है
एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने यह भी बताया है कि विधायक जयराम कुमार महतो इंटरनेट मीडिया, प्रेस आदि के माध्यम से हर पल पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो जारी कर रहे हैं.
तथ्य से परे बयान देकर वर्दीधारियों के सम्मान व गरिमा को ठेस पहुंचाया जा रहा है।
विधायक ने जिस तरह से बरवाअड्डा थानेदार को धमकाया है, उससे यह प्रबंल आशंका है कि वे तथा उनके समर्थक बरवाअड्डा थानेदार व अन्य पदस्थापित पुलिसकर्मियों की जान-माल को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं.
प्रेस कांफ्रेंस के मौके पर अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू के अलावा उपाध्यक्ष महताब आलम व रोहित कुमार रजक, संगठन सचिव मंटू कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार महतो व राकेश कमार पांडेय मौजूद थे.
