रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएसी) की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले में सीआईडी की एसआईटी ने दिल्ली से दो लोगों को गिरफ्तार किया है. दोनों मूल तौर पर बिहार के रहने वाले हैं.
उधर सीजीएल मामले में ही सीआईडी की टीम ने गिरिडी जिले के बेंगाबाद से गलत तरीके से परीक्षा पास करने के संदेह में एक एएसओ को हिरासत में लिया है. वह अभी सचिवालय में कार्यरत है.
दिल्ली से जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें सोमांश प्रकाश और राहुल शामिल हैं.
दोनों आरोपी परीक्षा प्रक्रिया के तकनीकी और प्रबंधकीय कार्यों से जुड़ी एजेंसी ‘वेबेल’ के लिए काम देखते थे.
सीआईडी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सोमांश प्रकाश, पिता भरत जी तिवारी, मूल रूप से रोहतास जिले के विक्रमगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. व
र्तमान में वह दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र स्थित संत नगर में रह रहा था.
वहीं दूसरे आरोपी राहुल कुमार, पिता संजय कुमार मिश्रा, वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के चांदसराय का रहने वाला है.
राहुल कुमार भी वर्तमान में दिल्ली के बुराड़ी इलाके में रह रहा था.
जांच एजेंसी के मुताबिक, सोमांश प्रकाश JSSC-CGL परीक्षा के संचालन से संबंधित कार्यों से जुड़ा था. जांच के दौरान उसके सहयोगी राहुल कुमार की भूमिका भी सामने आई.
दोनों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित अनियमितता किस स्तर पर हुई और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
हिरासत में एक एएसओ
उधर सीआईडी की टीम ने गुरुवार (27 अगस्त) की रात गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में भी छापेमारी की.
इस दौरान टीम ने बेंगाबाद चौक स्थित एक मिष्ठान भंडार से सीजीएल परीक्षा में सफल एएसओ समीर उर्फ शालू को हिरासत में लिया है.
बताया जा रहा है कि समीर छुट्टी पर रांची से बेंगाबाद आया था. और वह बेंगाबाद बाजार स्थित अपने प्रतिष्ठान में परिजनों के साथ मिठाई बेचने में व्यस्त था.
सीआईडी की टीम ने समीर के घर से कुछ सामान और मोबाइल जब्त किए हैं. वहीं, अभय तिवारी का ससुराल भी बेंगाबाद के हथबोर गांव में ही है.
