रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और जेएसएससी-सीजीएल में गड़बड़ी की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
इनमें दो आरोपी जेपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा मामले में, जबकि दो आरोपी को सीजीएल मामले में गिरफ्तार गया है.
यह कार्रवाई जेपीएससी की परीक्षा को लेकर दर्ज सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 और जेएसएससी-सीजीएल को लेकर थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत की गई है.
शिवांगन पाठशाला से जुड़े हैं तार
जांच एजेंसी ने सुंदर नगर गार्डन मानगो, जमशेदपुर निवासी ऋतिक रोशन और शिव भवन, कमलाकांत रोड, सुखदेवनगर, रांची निवासी प्रसून को गिरफ्तार किया है.
सीआईडी के अनुसार, इन दोनों आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार ‘शिवांगन की पाठशाला, लालपुर’ के कोचिंग संचालक संजीत कुमार द्वारा परीक्षाओं में अनुचित लाभ पहुंचाया गया था.
जेपीएससी की जांच के क्रम में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें आयोग के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते, परीक्षा उप नियंत्रक श्वेता गुप्ता भी शामिल हैं.
सीजीएल में कोडरमा से धराया
वहीं, JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर कोडरमा के गोलवाढ़ाब निवासी राजेश प्रसाद यादव और कोडरमा के पूर्णा नगर निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया है.
सीआईडी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने JSSC-CGL परीक्षा में कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया था.
