चक्रधरपुरः झारखंड के चक्रधरपुर में एक महिला पर्यवेक्षिका अनीता बिंद की धारधार हथियार से हत्या कर दी गई है.
24 साल की अनीता सोनुवा ब्लॉक स्थित सीडीपीओ कार्यालय में बतौर पर्यवेक्षिका कार्यरत थीं.
वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की रहने वाली थीं. नौकरी ज्वाइन करने के बाद वार्ड नंबर सात स्थित ग्वाला पट्टी इलाके में एक मकान में बतौर किराएदार रह रही थीं.
वो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की रहने वाली थीं. चक्रधरपुर के ग्वाला पट्टी इलाके में संजय साव के मकान में बतौर किराएदार रह रही थीं.
हत्या की घटना गुरुवार की दोपहर करीबन 2 बजे की है. वह अपने कमरे में विभागीय कामकाज की रिपोर्ट तैयार कर रही थीं. इसी बीच एक हमलावर ने घर में घुस कर चाकू से गला रेत डाला.

संदिग्ध युवक को स्थानीय लोगों ने घर से भागने के दौरान पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है. पुलिस घटना स्थल पर पहुंची है और आवश्यक छानबीन कर रही है.
घर के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था. फर्श पर मृत अनीता खून से सनी पड़ी थीं. शरीर से काफी मात्रा में रक्त बह चुका था. शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे जख्म के निशान थे.
हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान अनिल कुमार बिंद के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का निवासी बताया जा रहा है.

पुलिस हिरासत में लिये गये अनिल कुमार ने खुद को मृतका का कथित प्रेमी बताया है.
हालांकि, वारदात के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुट गई है.
घटना की खबर शहर में आग की तरह फैली. बड़ी संख्या में लोग घर के पास पहुंच गए.
