झारखंड के जमशेदपुर शहर स्थित एक मॉल में शनिवार दोपहर अज्ञात लोगों ने गोलीबारी कर दी. इस घटना में कम से कम चार लोग घायल हो गए.
पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल में हुई.
सूचना मिलते ही कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा और जमशेदपुर एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. इस दौरान काफी देर तर रेस्टोरेंट में तफ्तीश की.
डीआईजी के अनुसार, घटना की जांच और आरोपियों को पकड़ने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है. घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस ने बताया कि एक रेस्तरां में कुछ लोग खाना खा रहे थे कि तभी हमलावरों ने कथित तौर पर गोलीबारी करते हुए अंधाधुंध गोलियां चला दी, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कुल 11 गोलियां चलाईं. वारदात के बाद घायलों को इलाज के लिए ‘टाटा मेन’ अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
अचानक हुई फायरिंग से रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गयी. मॉल में खरीदारी और अन्य काम से पहुंचे लोग भी गोलियों की आवाज सुनकर इधर-उधर भागने लगे. कुछ देर के लिए पूरे परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में गोलीबारी के पीछे निजी दुश्मनी की बात सामने आ रही है.
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी धरपकड़ की कोशिश की जा रही है.
