गिरिडीहः हेमंत सोरेन सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुईं. यह पल उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने कार्यकर्ताओं से सहयोग मांगा.
उन्होंने झामुमो के नेताओं, कार्यकर्ताओं से कहा, आपके साथ चलकर पति की खाली जगह को भरने का प्रयास करूंगी. साथ ही गिरिडीह के विकास के लिए उन्होंने जो संकल्प लिए थे, उसे भी पूरा करेंगी.
हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन में हुई बैठक में झामुमो के जिलाध्यक्ष संजय सिंह, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, झामुमो जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
कार्यकर्ताओं का देख श्वेता भावुक हुईं. उन्होंने कहा, “जैसे सुदिव्य जी आपके सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे, वैसे ही मैं भी आपके हर सुख-दुख में हमेशा आपके साथ खड़ी रहूंगी.”
बीते छह सितंबर को सुदिव्य कुमार का निधन हो गया था. वे गिरिडीह से जेएमएम के विधायक होने के साथ सरकार में उच्च शिक्षा तकनीक और नगर विकास विभाग के मंत्री थे.
सुदिव्य कुमार सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के बड़े रणनीतिकार होने के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी नजीदीकी रहे.
उनके निधन के बाद छह महीने में गिरिडीह में उपचुनाव होना है. श्वेता शर्मा की झामुमो की बैठक में शामिल होने के संकेत हैं कि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ायेगी. झामुमो के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी श्वेता शर्मा के समर्थन में तत्पर रहने का भरोसा दिलाते रहे हैं.
