जमशेदपुरः जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में फायरिंग करने वाले दो शूटरों के साथ बुधवार तड़के पुलिस की मुठभेड़ हो गई. इसमें अजीत मंडल और मोहन यादव के पैर में गोली लगी है.
यह मुठभेड़ फागु बाबा श्मशान घाट के पास हुई. पुलिस ने पूर्व में ही दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में उन्होंने पुलिस को हथियार के बारे में जानकारी दी थी.
पुलिस के अनुसार अजीत और मोहन को हथियार बरामद कराने के लिए फागु बाबा श्मशान घाट के पास ले जाया गया था. पुलिस की मौजूदगी में हथियार बरामद करने के दौरान दोनों ने अचानक पिस्टल उठा ली और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी.
पुलिस की टीम ने खतरे को भांपते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजीत के बाएं और मोहन के दाएं पैर में गोली लगी. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गौरतलब है कि झारखंड के अलग-अलग जिलों में एक महीने के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के साथ हथियार बरामद कराने के दौरान पुलिस की कम से कम छह मुठभेड़ हुई है, जिसमें अपराधियों के पैर में गोली लगी है.
