लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और उनके समर्थकों के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ यह एफ़आईआर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान बिना अनुमति के आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने के लिए दर्ज हुआ है.
मंगलवार को राहुल गांधी और अन्य कई विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे थे.
यह विरोध प्रदर्शन मतदाता सूचियों के विवादित एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) के ख़िलाफ़ किया जा रहा था.
इस दौरान विपक्षी नेता चुनाव आयोग के दफ़्तर जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने उन्हें निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च करने से रोक दिया था.
इसी इलाक़े में आकाशवाणी भवन भी है, जहां वे लोग प्रदर्शन के दौरान पहुंचे थे.
विपक्षी सांसद, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची के ‘विशेष गहन संशोधन’ (एसआईआर ) के खिलाफ विरोध कर रहे थे और उन्होंने “वोट चोरी” का मुद्दा उठाया.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, INDIA ब्लॉक की पार्टियों ने मंगलवार को संसद भवन से चुनाव आयोग तक मार्च करने की योजना बनाई थी. पुलिस ने बताया कि मार्च की इजाज़त के लिए नई दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस के दफ़्तर में कोई अर्ज़ी नहीं दी गई थी और न ही कोई इजाज़त दी गई थी.
