रांची. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन हो गया है. वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं. फिलहाल उनका इलाज रांची स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल में चल रहा था.
डॉ दीपक गुप्ता और डॉ उज्जवल राय ने उनके निधन की जानकारी दी है.
वे करीब 80 साल की थीं. इससे पहले उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए हेमंत सोरेन हैदराबाद ले गए थे. रूपी सोरेन की निधन की खबर से सोरेन परिवार में शोक है.
बुधवार को ही हेमंत सोरेन अपनी मां का हाल जानने हिल व्यू हॉस्पिटल पहुंचे थे. उन्होंने डॉक्टरों से मां की सेहत को लेकर जानकारी ली और आवश्यक विमर्श किया.
उनके निधन की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग और समर्थक शोक जताने के लिए पहुंचने लगे हैं. रांची जिला प्रशासन के कई अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे हैं.
झारखंड के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन ने वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में झामुमो के टिकट पर दुमका (एसटी) सीट से चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में वे भाजपा के बाबूलाल मरांडी से हार गई थीं.
शिबू सोरेन के राजनीतिक सफर और आंदोलन के संघर्ष को एक पत्नी के तौर पर उन्होंने नजदीक से देखा-जाना और इस दौरान परिवार की जिम्मेदारियां भी संभालीं.
शिबू सोरेन के महाजनी आंदोलन के दौरान भी उन्होंने जीवन के उतार-चढ़ाव देखे.
14 महीनों के दौरान हेमंत सोरेन ने अपने माता-पिता दोनों को खोया है. पिछले साल चार अगस्त को दिशोम गुरुजी शिबू सोरेन का निधन दिल्ली के एक अस्पताल में हो गया था.
