झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की सीजीएल परीक्षा में गड़बड़ी और कथित पेपर लीक मामले में सीआईडी ने कार्रवाई करते हुए सुरेश राय को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
सुरेश राय मूल रूप से बोकारो जिले के दुग्धा थाना क्षेत्र स्थित न्यू बीसीसीएल कॉलोनी का रहने वाला है.
सुरेश राय का बेटा उमेश राय इस मामले में पहले ही सीआईडी द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोप है कि पिता-पुत्र दोनों मिलकर इस अवैध और संगठित पेपर लीक सिंडिकेट का संचालन कर रहे थे.
अभ्यर्थियों को रटवाए गए थे सवाल-उत्तर
जांच एजेंसी को पता चला है कि सुरेश राय के बोकारो स्थित दुग्धा आवास पर पेपर लीक होने के बाद बड़े पैमाने पर धांधली को अंजाम दिया गया था.
सुरेश राय के घर पर 30 से अधिक अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से इकट्ठा किया गया था. परीक्षा से पहले ही इन अभ्यर्थियों को परीक्षा के प्रश्न और उनके उत्तर रटवाए गए थे, ताकि वे परीक्षा में आसानी से पास हो सकें और भारी रकम वसूली जा सके.
