लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है.
राहुल गांधी ने लोगों से पार्टी, जाति, धर्म, समुदाय, राज्य और लैंगिक पहचान से ऊपर उठकर इस मार्च में शामिल होने की अपील की.
उन्होंने कहा, “विपक्षी दल, नागरिक समाज के संगठन और आम नागरिक ‘वोट चोरी’ को रोकने, मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को तत्काल बंद करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे.”
उन्होंने कहा कि मार्च के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें ‘वोट चोरी’ को रोकने, एसआईआर प्रक्रिया को बंद करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की जाएगी.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शनिवार को दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे युवाओं पर पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमला किया.
उन्होंने कहा, “प्रदर्शनकारी नफ़रत या ग़ुस्से के साथ नहीं, बल्कि प्रेम और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना के साथ आए थे.”
ग़ौरतलब है कि शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में राहुल गांधी की मौजूदगी न होने को लेकर उनकी रणनीति के ऊपर सवाल खड़े किए गए थे.
हालांकि कांग्रेस की ओर से कहा गया था कि वे चेन्नई में विद्यार्थियों को संबोधित करने के लिए पहले से तय एक कार्यक्रम के लिए वहां गए थे.
