कॉकरोच जनता पार्टी के आशुतोष रांका और सौरव दास को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के सवाल पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि युवाओं को जेल में डालना कायरता है.
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में टिप्पणी की है.
राहुल गांधी ने लिखा, “जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है. इसके लिए युवाओं को जेल में डालना कायरता का काम है.”
“छात्र, युवा, पत्रकार, इंडिया गठबंधन; अलग-अलग बैनर, लेकिन मक़सद एक. सभी प्रदर्शन एक ही हैं. नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं. जंतर-मंतर भारत के लोगों का है. हम इसे फिर से अपने अधिकार में लेंगे.”
इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए एक्स पर एक पोस्ट में प्रतिक्रिया दी है.
संजय सिंह ने लिखा, “आपने सीजेपी के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास को तिरंगा फहराने और भारत माता की जय लगाने के कारण जेल भेज दिया. युवाओं से पंगा मत लो मोदी जी ये आपकी तानाशाही का अंत जल्द करेंगे.”
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार जंतर-मंतर में प्रवेश करने की कोशिश में इन लोगों के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज थी. यह घटना जंतर-मंतर को विरोध स्थल के रूप में रद्द किए जाने के एक दिन बाद हुई थी.
