पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर हुए कथित हमले के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेता गुस्से में हैं.
पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं का घेराव करने और उनके घर पर धरना देने की चेतावनी दी है.
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने हमले का एक वडियो एक्स पर साझा करते हुए तल्ख टिप्पणी की है.
अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तड़के कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय पर हमला किया और तोड़फोड़ की, और घटना के पीछे के लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की.
अभिषेक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने, जिन्हें उन्होंने “हथियारों से लैस भाजपा के गुंडे” बताया, कार्यालय के अंदर लोगों पर हमला किया, फोन छीन लिए, फर्नीचर तोड़ दिया और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नष्ट कर दिए.
उन्होंने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी साझा किए, जिनमें घटना के बाद के दृश्य दिखाए गए हैं। अभिषेक द्वारा साझा किए गए सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर नकाबपोश लोग परिसर के अंदर टेलीविजन स्क्रीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कार्यालय से बाहर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
अभिषेक ने कथित हमले को “कानून के शासन पर एक शर्मनाक हमला” करार दिया.
ममता बनर्जी की चेतावनी
इस बीच ममता बनर्जी ने गुरुवार को फेसबुक पर करीब 29 मिनट तक लोगों को संबोधित किया.
इस दौरान उन्होंने बंगाल की भाजपा सरकार और कोलकाता पुलिस पर जमकर हमला बोला. टीएमसी कालीघाट की सर्वोच्च नेता ने कहा- भाजपा के गुंडों ने कोलकाता पुलिस को विश्वास में लेकर हमारे दस्तावेज और उपकरण लूट लिये. हमारे कार्यालय में तोड़फोड़ की. हमारे 4 लोगों को ऑफिस में बंधक बना लिया. उनको टॉर्चर किया.
ममता बनर्जी ने कहा- कोलकाता में हमारे पार्टी कार्यालय में की गयी तोड़फोड़ की हम निंदा करते हैं. उन्होंने कहा कि यदि कोलकाता में कानून-व्यवस्था का यह हाल है, तो सोचिए, ग्रामीण इलाकों में क्या स्थिति होगी. उन्होंने आगे कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस पर हमले नहीं रुके, तो हम नयी दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देंगे. उनका घेराव करेंगे.
ममता बनर्जी ने शेक्सपीयर थाना की पुलिस और बंगाल पुलिस को भी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि शेक्सपीयर थाना के साथ-साथ बंगाल के कई और पुलिस थाने हैं, जिनकी गतिविधियों को वह अपनी डायरी में नोट कर रहीं हैं.
महुआ मोइत्रा ने खोला मोर्चा
देश की राजधानी दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस के 2 सांसदों महुआ मोइत्रा और सौगत रॉय ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाये. उन्होंने आरोप लगाया कि ये हमले भाजपा ने करवाये हैं. महुआ ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि शेक्सपीयर थाने की पुलिस को सूचना दी गयी, लेकिन 2 घंटे तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.
महुआ ने कहा कि कुछ गुंडों ने छठे और सातवें तल्ले पर तोड़फोड़ और लूटपाट की. सभी गुंडे पहले छठे तल्ले पर पहुंचे. कांच के गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए. आधे-एक घंटे के भीतर पूरे ऑफिस को तहस-नहस कर दिया. इससे पहले हमारे ऑफिस के 3-4 गार्ड को उन्होंने अपने कब्जे में ले लिया. उनके मोबाइल फोन छीन लिये. उन्हें माथा भेंगे देबो यानी तुम्हारा सिर फोड़ देंगे की धमकी दी गयी.
महुआ मोइत्रा ने पत्रकारों को बताया कि हमारे ऑफिस में रखी तमाम चीजों को तोड़ दिया गया. बदमाशों ने कम्प्यूटर से लेकर फैक्स मशीन और प्रिंटर तक को तोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने लूटपाट शुरू की. वे टीवी स्क्रीन, एयर प्यूरीफायर, लैपटॉप समेत कई दस्तावेज भी लूटकर ले गये.
महुआ ने कहा कि सुबह 4:30 बजे से पुलिस को फोन किया गया, लेकिन दो घंटे तक उन्होंने कुछ नहीं किया. इसके बाद हमारे वकील थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज करवायी. इसके बाद पुलिस अचानक बहुत ज्यादा सक्रिय हो गयी. पुलिस ने हमारे लोगों को भी सातवें तल्ले पर जाने से रोक दिया.
6 लोग हिरासत में लिये गये
कोलकाता पुलिस ने कथित तोड़फोड़ के सिलसिले में छह लोगों को हिरासत में लिया है और परिसर से सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर ली है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “सूचना मिलते ही हम तुरंत मौके पर पहुंचे। हमने मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया है। हमने सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर ली है। मामला दर्ज किया जा रहा है और हमारी जांच जारी है। हम उस समय कार्यालय में मौजूद लोगों के बयान भी ले रहे हैं।”
