रांचीः सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने रांची के डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय के तीन लेखा अधिकारियों को गुरुवार को 48,400 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया.
रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय केंद्रीय गृह मंत्रालय की संस्था है, जो एनआईए, सीआईएसएफ और एनसीबी का अकाउंट्स देखती है.
गिरफ्तार लेखा अधिकारियों में सीनियर अकाउंट अधिकारी संतोष कुमार महतो, सहायक अकाउंट अधिकारी सुनील कुमार व सहायक अकाउंट अधिकारी सुजीत कुमार सिंह शामिल हैं.
सीबीआई की इस कार्रवाई से लेखा शाखा के अधिकारियों-कर्मचरियों में हड़कंप है.
गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े रांची व धनबाद स्थित पांच ठिकानों पर देर रात तक छापामारी जारी रही.
खबरों के मुताबिक छापेमारी में 10-12 लाख रुपये नकदी, जेवरात, जमीन के कागजात व लाकर के डिटेल्स आदि मिले थे, जिनका सत्यापन जारी है.
